दिल्ली हाफ मैराथन के लिए मेट्रो की विशेष व्यवस्था, तड़के 3:30 बजे से शुरू होंगी सेवाएं

HIGHLIGHTS
- रविवार को हाफ मैराथन के प्रतिभागियों के लिए चार मेट्रो लाइनों पर तड़के 3:30 बजे सेवाएं शुरू होंगी।
- सुबह 3:30 से 4:15 बजे तक मेट्रो 15 मिनट और 4:15 से 6 बजे तक 20 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।
- जेएलएन स्टेडियम, जोर बाग, जनपथ और जंगपुरा स्टेशनों पर स्वयंसेवक तैनात होंगे।
नई दिल्ली। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को होने वाली हाफ मैराथन में शामिल होने जा रहे लोगों के लिए जरूरी खबर है। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि वे मेट्रो से भी जेएलएन स्टेडियम तक पहुंच सकें।
हाफ मैराथन के प्रतिभागियों की सुविधा को देखते हुए रविवार को रेड लाइन (रिठाला से शहीद स्थल न्यू बस अड्डा), यलो लाइन (समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम), ब्लू लाइन (द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली) और वायलेट लाइन (कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह) पर तड़के साढ़े तीन बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू होंगी।
रविवार को इस समय-सारणी से चलेंगी मेट्रो
इन चारों लाइनों पर सुबह 3:30 बजे से 4:15 बजे तक मेट्रो 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद सुबह 4:15 बजे से 6 बजे तक मेट्रो 20 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। सुबह 6 बजे से सेवाएं रविवार की नियमित समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी।
अन्य सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं रविवार के नियमित समय के मुताबिक ही शुरू की जाएंगी।
प्रतिभागियों को सुविधा और मार्गदर्शन देने के लिए मैराथन आयोजक कुछ प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर स्वयंसेवकों की तैनाती करेंगे। इनमें जेएलएन स्टेडियम, जोर बाग, जनपथ और जंगपुरा मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
धावकों के लिए मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा
दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को आयोजकों की ओर से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए क्यूआर टिकट दिए गए हैं। धावकों के लिए मेट्रो से दोनों तरफ की यात्रा निशुल्क रहेगी। इसके लिए धावकों को आयोजकों से विशेष क्यूआर कोड वाले रिस्ट बैंड लेने की सलाह दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.