मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- NH-58 पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारी।
- हादसे में करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर घायल हुए।
- हेलमेट पहने होने से बुजुर्ग की जान बची।
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में बिलासपुर बाइपास कट के पास हुआ। दुर्घटना में स्कूटी सवार करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बुजुर्ग ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल की पहचान सिखेड़ा थाना क्षेत्र के भंडूर गांव निवासी आदेश पुत्र लालू के रूप में हुई है। उनकी स्कूटी पर अधिवक्ता का स्टीकर लगा था। हादसे के बाद बुजुर्ग गंभीर हालत में सड़क पर पड़े रहे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों ने पहुंचकर की मदद
सड़क पर घायल बुजुर्ग को देखकर कई राहगीर मदद के लिए आगे आए। लोगों ने उनके हाथ-पैरों की मालिश की और उन्हें संभालने की कोशिश की। साथ ही पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी गई।
जानकारी मिलने पर नई मंडी कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर है।
ट्रक मौके पर छोड़कर चालक फरार
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कूटी को सड़क से हटवाया। बताया गया कि ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। इसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.