पटना पासपोर्ट सेवा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद मचा हड़कंप

HIGHLIGHTS
- पटना के मनेर स्थित पासपोर्ट सेवा कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गए।
- धमकी के बाद डाकघर परिसर को खाली कराकर बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की।
- पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है और संदेश की तकनीकी जांच की जा रही है।
पटना। पटना के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब जिले के मनेर स्थित उप डाकघर परिसर में चल रहे पासपोर्ट सेवा कार्यालय को भी धमकी मिली है। कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
एहतियात के तौर पर डाकघर परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डाक अधीक्षक (पासपोर्ट) के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। ईमेल में दावा किया गया कि पैगंबर के अपमान के चलते डाकघर में साइनाइड गैस छोड़ी जाएगी और कार्यालय को आरडीएक्स से उड़ाया जाएगा।
दोपहर में मिले इस ईमेल के बाद पुलिस संदेश की सत्यता और इसके स्रोत की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत हो सकती है।
सूचना मिलते ही खाली कराया गया परिसर
धमकी की जानकारी मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे डाकघर परिसर को खाली करा दिया। वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके बाद परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
बम निरोधक दस्ता और जांच एजेंसियां सक्रिय
घटना की सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को मौके पर बुलाया गया। परिसर की पूरी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। पुलिस आसपास के इलाकों में भी निगरानी रख रही है।
ईमेल भेजने वाले की तलाश जारी
पुलिस की साइबर टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि यह संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.