पंजाब CM आवास समेत तीन जगहों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

HIGHLIGHTS
- पुलिस कंट्रोल रूम को ई-मेल के जरिए धमकी की सूचना मिली।
- बम स्क्वॉड और ऑपरेशन सेल की टीमें मौके पर पहुंचीं।
- फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी तैनात किया गया।
चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय, पंजाब के मुख्यमंत्री आवास और पंजाब विधानसभा को बम धमाके से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को चंडीगढ़ पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम को ई-मेल के जरिए बम धमकी की सूचना मिली, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बम स्क्वॉड, ऑपरेशन सेल, फायर ब्रिगेड, मेडिकल फर्स्ट रिस्पांस टीम (एमएफटी), एंबुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें भी वहां पहुंच गईं। सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए जांच शुरू की गई।
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पहुंचीं टीमें
पुलिस के मुताबिक, कंट्रोल रूम को बम धमाके की धमकी से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई और मौके पर मौजूद टीमों ने सुरक्षा जांच शुरू कर दी।
मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस भी कार्रवाई कर रही है। पुलिस धमकी भेजने वाले की पहचान और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच में जुटी है।
बम स्क्वॉड समेत कई एजेंसियां सक्रिय
धमकी की सूचना के बाद बम स्क्वॉड ने संबंधित स्थानों पर जांच शुरू की। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी मौके पर तैनात रखा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। सेक्टर-3 थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। धमकी वास्तविक है या दहशत फैलाने के उद्देश्य से किसी ने ई-मेल भेजा है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.