कौशाम्बी: मनौरी बाजार में पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट से मची तबाही, सात लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- धमाकों की आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
- फैक्टरी के आसपास बने 15 से अधिक मकान धराशायी हुए।
- मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई।
प्रयागराज। एयरफोर्स स्टेशन के पास मनौरी में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई। पटाखों में हुए जोरदार धमाके इतने शक्तिशाली थे कि आसपास के कई मकान भी ढह गए। कई लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हादसे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पांच लोगों की मौत और 22 लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। बाद में दो और शव बरामद किए गए, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। इस तरह कुल सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे से लगभग एक घंटे तक लगातार विस्फोट होते रहे।
अब तक इन लोगों की मौत की पुष्टि
- सबिता, उम्र 35 वर्ष
- प्रवीण, उम्र 13 वर्ष
- प्रांजली, उम्र 5 वर्ष
- तन्नू, उम्र 17 वर्ष
- राणेशा, उम्र 45 वर्ष
दो शव और बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पटाखों में अचानक हुए धमाकों से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि जिस मकान में पटाखों में आग लगी, उसके पास बूंदी कारखाने में पांच और आटा चक्की में छह लोग मौजूद थे। धमाकों का सिलसिला काफी देर तक जारी रहा। मलबा हटाने के लिए बुलडोजर लगाए गए हैं। बाद में कौशांबी के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया है कि पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में बस्ती से कुछ दूरी पर एक मकान में पटाखे बनाए जाते थे। यह पटाखा फैक्ट्री मनौरी गांव निवासी आदिल की बताई जा रही है। मकान के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं। सोमवार दोपहर अचानक मकान से धुआं उठने लगा। इसे देखकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, तभी एक के बाद एक पटाखों में विस्फोट होने लगा।
पटाखों की तेज आवाज से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती और पिपरी थाने की पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। आशंका जताई जा रही है कि अगर फैक्ट्री में उस समय कोई काम कर रहा था तो उसे नुकसान पहुंचा होगा।
एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता ने बताया कि टीम के मौके पर पहुंचने के बाद बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। आग बुझने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है। इससे पहले कुछ साल पूर्व भरवारी में भी पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से तीन लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे।
पटाखा फैक्ट्री हादसा : एक नजर में
- मनौरी स्थित पटाखा फैक्ट्री में सोमवार दोपहर आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ।
- आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। मलबे से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है।
- एडीजी जोन ज्योति नारायण ने पांच मौतों की पुष्टि की है।
- राम सिंह समेत पांच लोगों की मौत हुई है।
- सात वर्षीय शीबू, 16 वर्षीय उर्वशी, पांच वर्षीय प्रियांशु और 25 वर्षीय सविता सहित 22 लोग घायल हैं।
- पुलिस-प्रशासन के अधिकारी अभी घायलों और मृतकों के नाम की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। संख्या बढ़ने की संभावना है।
- एयरफोर्स मध्य कमान मुख्यालय के पास कौशांबी के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र स्थित बस्ती में आदिल की पटाखा फैक्ट्री थी।
सुबह करीब 11 बजे जोरदार धमाका हुआ। तीन मकान गिर गए, जबकि चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.