रोहतक में मुठभेड़ के बाद भाऊ गैंग के दो कथित शूटर गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

HIGHLIGHTS
- पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी दिल्ली और रोहतक में वारदात की तैयारी में थे
- बक्करवाला इलाके में पुलिस ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया
- पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दोनों को घायल किया
रोहतक। बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के दो कथित शूटरों को रोहतक सीआईए स्टाफ की टीम ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों की पहचान रिठाल गांव निवासी समीर और विजय नगर निवासी कुश के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रोहतक और दिल्ली में वारदात की तैयारी का आरोप
पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि भाऊ गैंग से जुड़े दो युवक दिल्ली और रोहतक में आपराधिक वारदात करने की तैयारी में हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, बक्करवाला इलाके में आरोपितों की गाड़ी नजर आने पर टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। घेराबंदी के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपित घायल हो गए।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से आधुनिक विदेशी हथियार बरामद किए गए।
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें हथियार किसने उपलब्ध कराए और गैंग के किन-किन सदस्यों के साथ उनके संपर्क हैं।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से संभावित हत्या और फायरिंग की वारदात को समय रहते रोकने में सफलता मिली है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.