हिंगोली में कुछ घंटों के भीतर भूकंप के दो झटके, लोगों में मचा हड़कंप

HIGHLIGHTS
- शनिवार सुबह हिंगोली के कई इलाकों में भूकंप महसूस किया गया।
- पहला झटका सुबह करीब 7:46 बजे दर्ज हुआ।
- पहले भूकंप की तीव्रता 3.3 मापी गई।
मुंबई। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के कई इलाकों में शनिवार सुबह कुछ घंटों के भीतर भूकंप के दो हल्के झटके महसूस किए गए। लगातार आए इन झटकों से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
हालांकि, भूकंप के दोनों झटकों से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के मुताबिक, पहला भूकंप सुबह करीब 7:46 बजे दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.3 मापी गई।
इस भूकंप का केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के गाधाला गांव में जमीन से सात किलोमीटर नीचे था। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, भूकंप के झटके के साथ जमीन के अंदर से तेज गड़गड़ाहट की आवाज भी सुनाई दी।
दो घंटे बाद आया 4.5 तीव्रता का दूसरा झटका
पहले भूकंप के लगभग दो घंटे बाद 4.5 तीव्रता का दूसरा झटका आया। इसकी तीव्रता पहले झटके से अधिक थी और इसका असर जिले के कई इलाकों में महसूस किया गया।
औंढा नागनाथ तहसील के पिंपलदरी और आसपास के गांवों के लोगों ने बताया कि दूसरे भूकंप से कुछ मिनट पहले भी जमीन के नीचे से गड़गड़ाहट की आवाजें सुनाई दी थीं। इससे पहले 1 अक्टूबर को नजदीकी पांगरा शिंदे गांव में भी इसी तरह की आवाजें सुनाई दी थीं।
यह इलाका पिछले छह वर्षों से समय-समय पर भूकंपीय गतिविधियों का सामना कर रहा है। इसी साल 9 जुलाई और 11 जुलाई को भी यहां 4.6 और 3.5 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए थे। इन झटकों के बाद कुछ मकानों में दरारें भी आ गई थीं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, घबराने से बचने और पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.