टाइगर श्रॉफ पर हमले की वजह सलमान खान से कनेक्शन? पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

HIGHLIGHTS
- पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार शूटर ने हमले के पीछे बदले की वजह होने का दावा किया।
- शूटर फूल सिंह के मुताबिक, मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित ने उसे हमले का मकसद बताया था।
- मामला टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'हीरोपंती 2' के प्रमोशन के दौरान दिए गए बयान से जुड़ा है।
मुंबई। टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में एक अहम खुलासा हुआ है। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार शूटरों में से एक ने दावा किया है कि सलमान खान से जुड़ाव के कारण अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया था।
शूटर के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग टाइगर श्रॉफ से बदला लेना चाहता था, क्योंकि उन्होंने 2022 में एक फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान खान की तारीफ की थी।
टाइगर श्रॉफ पर हमले की वजह क्या थी?
पुलिस पूछताछ में शूटरों ने जिस वजह का जिक्र किया है, वह टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'हीरोपंती 2' के रिलीज होने के समय की है। यह फिल्म ईद के मौके पर रिलीज हुई थी, जबकि आमतौर पर सलमान खान की फिल्में ईद पर रिलीज होती हैं।
'हीरोपंती 2' के प्रचार के दौरान एक कार्यक्रम में टाइगर श्रॉफ से ईद पर फिल्म रिलीज करने को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा था, 'इस इंडस्ट्री में सिर्फ एक ही टाइगर है और वो हैं सलमान सर। उनके सामने मैं बस एक बिल्ली हूं। मैं सिम्बा हूं, एक टाइगर का बच्चा...'
टाइगर श्रॉफ का यह बयान सलमान खान की फिल्म 'एक था टाइगर' और उससे जुड़ी सीक्वल फिल्मों को ध्यान में रखकर दिया गया था। उस समय उनका यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
शूटरों के दावों की पड़ताल में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर फूल सिंह ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसे हमले के वास्तविक मकसद की ज्यादा जानकारी नहीं थी। हालांकि, वांटेड आरोपी और मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित ने उसे बताया था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग टाइगर श्रॉफ की उस टिप्पणी का बदला लेना चाहता है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इस दावे की जांच की जा रही है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग इससे पहले भी सलमान खान से जुड़े लोगों को धमकियां दे चुका है। अमेरिका में रहने वाले अनिल पंडित और गैंग के एक अन्य सदस्य हरमन संधू के नाम से जुड़े कुछ ऑडियो संदेश भी सामने आए थे। हरमन संधू पहले भी ऐसे हमलों की जिम्मेदारी ले चुका था।
इन ऑडियो संदेशों में चेतावनी दी गई थी कि सलमान खान के साथ काम करने वाले फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को भी निशाना बनाया जा सकता है। यह गैंग 1998 के काले हिरण के शिकार मामले को लेकर सलमान खान से कई बार माफी मांगने की मांग कर चुका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.