लद्दाख में Gen Z पर्यटक के वायरल वीडियो पर बवाल, अब भारतीय सेना से मांगी माफी

HIGHLIGHTS
- महिला ने कहा कि वीडियो करीब एक महीने पुराना है
- पर्यटक के मुताबिक वीआईपी मूवमेंट की जानकारी नहीं थी
- उसने करीब 6 घंटे इंतजार करने की बात कही
श्रीनगर। लद्दाख के प्रवेशद्वार द्रास के मीनामर्ग में खुद को Gen Z बताकर शोर-शराबा करने वाली महिला पर्यटक का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उसे जमकर ट्रोल किया गया। इसके बाद महिला पर्यटक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भारतीय सेना से माफी मांगी है।
महिला पर्यटक ने कहा कि उसके वीडियो क्लिप को गलत तरीके से पेश किया गया है। उसने कहा कि वह भारतीय सेना का बहुत सम्मान करती है और अपने किए पर पछता रही है।
‘मैं इंडियन आर्मी का सम्मान करती हूं’
महिला पर्यटक ने कहा कि उस दिन हुई घटनाओं के वीडियो को लोगों ने सही तरीके से पेश नहीं किया। उसने बताया कि वीडियो में वह चिल्ला रही थी और फ्रस्ट्रेशन में कई बातें कह रही थी।
उसने कहा कि यह वीडियो करीब एक महीने पुराना है, लेकिन अब इसे वायरल कर उसे बदनाम किया जा रहा है। महिला ने कहा कि वह भारतीय सेना का बहुत सम्मान करती है और उसने कभी नहीं सोचा था कि उसकी वजह से देश की इंडियन आर्मी को इतना बुरा लगेगा।
Gen Z पर्यटक ने बताई नाराजगी की वजह
महिला ने बताया कि उस दिन वे लद्दाख से दिल्ली की ओर लौट रहे थे। उन्हें जानकारी नहीं थी कि उस दिन वीआईपी मूवमेंट होने वाला है। उन्होंने बताया कि वे सुबह से वहां 3-4 घंटे इंतजार कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने एक सैनिक से पूछा कि और कितना समय लगेगा, जिस पर उन्हें एक घंटे और इंतजार करने को कहा गया।
महिला के मुताबिक, एक घंटे और इंतजार करने के बाद उनका इंतजार करीब 6 घंटे तक पहुंच गया। इसी दौरान आगे फाइट होने की आवाज आने लगी। वहां पहुंचने पर उन्होंने सुरक्षा जवानों और लोगों के बीच फाइट देखी, जिसमें वह भी चली गई।
महिला ने बताया कि उसने वहां कहा कि वह एक पेशेंट है और उसे चक्कर आ रहा है। वीआईपी मूवमेंट के कारण वे 6 घंटे से फंसे हुए हैं और वॉशरूम भी नहीं जा पा रहे हैं। उसने कहा कि वे काफी फ्रस्ट्रेट हो गए थे और उन्होंने सवाल किया कि टैक्स देने के बावजूद उनके साथ ऐसा क्यों किया जा रहा है।
CM उमर अब्दुल्ला से भी मांगी माफी
महिला पर्यटक ने कहा कि उसके वीडियो को बहुत नकारात्मक तरीके से पेश किया गया, जिसकी वजह से वह डिप्रेशन में चली गई। हालांकि, उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि फ्रस्ट्रेशन में उसने जो कुछ भी कहा, वह गलत था और उसे सही नहीं ठहराया जा सकता।
उसने कहा कि गलती उनकी थी क्योंकि उन्हें वीआईपी मूवमेंट के बारे में जानकारी नहीं थी और फ्रस्ट्रेशन में आकर उन्होंने उल्टा-सीधा बोल दिया। महिला ने बताया कि उसने संबंधित सेना के जवान से माफी भी मांगी थी।
महिला पर्यटक ने देश की जनता, भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, लद्दाख पुलिस और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी माफी मांगी। उसने कहा कि उसकी वजह से कई लोगों को ठेस पहुंची है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.