उत्तराखंड कैबिनेट के 17 बड़े फैसले: उपनल कर्मचारियों को समान वेतन, 1320 MW पावर प्लांट को मंजूरी

HIGHLIGHTS
- कैबिनेट बैठक में कुल 17 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मंजूरी दी गई।
- उत्तराखंड राज्य सहकारिता नीति-2026 के तहत सात मिशन तय किए गए।
- सीएनजी वाहनों को ग्रीन सेस में मिलने वाली छूट जारी रखने का फैसला हुआ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल 17 प्रस्ताव आए, जिनमें सहकारिता, परिवहन, स्वास्थ्य और कार्मिक विभाग से जुड़े फैसले शामिल हैं।
मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक की अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने ब्रीफिंग की। कैबिनेट ने उत्तराखंड राज्य सहकारिता नीति-2026 को मंजूरी देते हुए इसके तहत सात मिशन तय किए हैं। परिवहन क्षेत्र में उत्तराखंड मोटरयान कराधान सुधार अधिनियम को मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड में सीएनजी वाहनों को ग्रीन सेस में मिलने वाली छूट जारी रहेगी, जबकि हाइब्रिड वाहनों को दी जा रही राहत वापस ले ली गई है।
कैबिनेट ने अलग-अलग राज्यों की ईवी पॉलिसी का अध्ययन करने के बाद उत्तराखंड की नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति तैयार करने के निर्देश मुख्यमंत्री की ओर से दिए हैं। उत्तराखंड चिकित्सा एवं परिवार कल्याण सांख्यिक संवर्ग को भी मंजूरी दी गई है।
औषधि और सर्जिकल सामग्री की खरीद के लिए उत्तराखंड मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन के गठन को मंजूरी मिली है। यह कॉरपोरेशन मुख्य सचिव की अगुवाई में काम करेगा और औषधि, सर्जिकल सामग्री व रसायनों की खरीद करेगा। इसके अलावा राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के लिए हरिद्वार में एक एकड़ भूमि देने और कारापाल सेवा नियमावली को मंजूरी देने का निर्णय भी लिया गया।
ये अहम फैसले भी
- उत्तराखंड लोकायुक्त अधिनियम 2014 के तहत सदस्यों के चयन के लिए उत्तराखंड लोकायुक्त खोजबीन समिति 2026 को मंजूरी।
- उत्तराखंड आबादी सर्वेक्षण अभिलेख नियमावली को मंजूरी।
- उत्तराखंड सीड्स एवं डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अन्य विभागों में समायोजित करने का निर्णय। इन्हें ऊधमसिंह नगर और निकटतम जनपदों में भेजा जाएगा।
- रिस्पना के किनारे काठ बंगला में 116 आवास में मलिन बस्ती के लोगों से ली जाने वाली 10 प्रतिशत राशि सरकार वहन करेगी।
- शहरी निकायों में पेयजल और सीवरेज कार्यों के लिए मंजूरी।
- अंत्योदय फाउंडेशन को ऋषिकेश में कैंसर इंस्टीट्यूट का प्रस्ताव मंजूर।
- उत्तराखंड निजी विवि अधिनियम के तहत उत्तरांचल विवि की नियमावली को मंजूरी।
उपनल कर्मचारियों को लेकर भी फैसला
- उपनल कर्मचारियों को तीन चरणों में समान कार्य-समान वेतन मिलेगा। 9 नवंबर से दूसरा चरण शुरू होगा। 2018 तक के कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन मिलेगा।
- 1 जनवरी 2016 से ब्रेक वाले कर्मचारियों को महंगाई भत्ता मिलेगा।
- स्वीकृत पदों के सापेक्ष जो उपनल कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं, उनके हिसाब से नए पद सृजित किए जाएंगे।
- शासन स्तर पर समिति का गठन होगा। परिवर्तनीय महंगाई भत्ता मिलेगा। नए पद नहीं सृजित हुए तो समायोजन किया जाएगा।
अग्निवीरों के लिए बनेगा अलग प्रकोष्ठ
सेवा मुक्त होकर लौटने वाले अग्निवीरों के लिए समर्पित प्रकोष्ठ बनाया जाएगा। इसके लिए छह पदों का प्रस्ताव आया था। इसके लिए अलग सेल बनेगी।
1320 मेगावाट का पावर प्लांट अडानी को
यूपीसीएल की ओर से 1320 मेगावाट कोयला आधारित पावर प्लांट की न्यूनतम बोलीदाता अडानी को दिया गया। छत्तीसगढ़ में कोल ब्लॉक आवंटन हो चुका है। अडानी पावर ही प्लांट लगाएगा। यह 25 साल के लिए अडानी को दिया गया है।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए बजट
बारिश में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के लिए पंचायत और निकायों को बजट की दिक्कत होने पर धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। निविदा की कार्रवाई अभी पूरी की जाएगी, ताकि बारिश के बाद तत्काल काम शुरू हो सके।
अधिकारियों को चीनी समेत आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड के शहीदों की उनके गांव में मूर्ति लगाने का भी फैसला लिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.