उपचुनाव में मतदान जारी: दतिया में सबसे ज्यादा वोटिंग, जानें बांकीपुर-मांजलपुर का हाल

HIGHLIGHTS
- मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी।
- दतिया में सबसे ज्यादा 48.91% मतदान दर्ज किया गया।
- तीनों सीटों के चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित होंगे।
मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। 30 जुलाई को जिन सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, उनमें बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट शामिल हैं।
तीनों राज्यों की इन महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया जारी है। उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। चुनाव से जुड़ी सभी अपडेट पर नजर बनी हुई है।
दतिया में सबसे ज्यादा मतदान
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर मतदान प्रतिशत सबसे अधिक दर्ज किया गया है। दोपहर 1 बजे तक यहां 48.91 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
वहीं, बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर दोपहर 1 बजे तक 20.01 प्रतिशत वोटिंग हुई है। गुजरात की मांजलपुर सीट पर इस दौरान 21.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
उम्मीदवारों ने डाला वोट
मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मॉडल पोलिंग स्टेशन के बूथ नंबर-185 पर मतदान किया।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर वोटिंग जारी है। यहां 422 मतदान केंद्रों पर करीब 3.79 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
गुजरात के वडोदरा में बीजेपी नेता जय प्रकाश सोनी ने मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान किया।
दतिया में शाम 6 बजे तक होगी वोटिंग
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
इस बीच बीजेपी बिहार के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखा है। उन्होंने मतदाताओं के वेरिफिकेशन को सख्ती से लागू करने की मांग की है।
दतिया सीट पर बीजेपी के आशुतोष तिवारी पहली बार चुनाव मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस के कुंवर घनश्याम सिंह सातवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं।
मांजलपुर सीट बीजेपी विधायक के निधन से हुई खाली
गुजरात की वडोदरा स्थित मांजलपुर विधानसभा सीट बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई थी। योगेश पटेल वर्ष 1990 से विधायक थे और उन्होंने कुल आठ बार चुनाव जीता था।
दतिया में सुबह 10 बजे तक 16.33 प्रतिशत मतदान
दतिया उपचुनाव में गुरुवार 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। सुबह 10 बजे तक यहां 16.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान क्रमांक 219 बरौदी में मतदान प्रतिशत 28.42 रहा, जबकि चिरूला में अब तक 19 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
दतिया सीट पर क्यों हो रहा उपचुनाव?
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण हो रहा है। दिल्ली की एक अदालत ने धोखाधड़ी के मामले में उन्हें तीन साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद अप्रैल में उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई थी।
बुंदेलखंड और चंबल की सीमा पर स्थित दतिया विधानसभा सीट मध्य प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल है। यहां बीजेपी से आशुतोष तिवारी और कांग्रेस से घनश्याम सिंह चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा अन्य दलों के उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
दतिया में 2.20 लाख से ज्यादा मतदाता
दतिया विधानसभा सीट पर कुल 2,20,344 मतदाता वोट डालने के लिए योग्य हैं। इनमें 1,16,088 पुरुष और 1,04,246 महिला मतदाता शामिल हैं। इस सीट पर कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी।
बांकीपुर सीट पर क्यों हो रहा उपचुनाव?
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद सीट खाली होने के कारण हो रहा है। नितिन नवीन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं और अप्रैल में राज्यसभा के लिए चुने गए थे।
इस सीट पर जनसुराज के प्रत्याशी और संस्थापक प्रशांत किशोर, बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता समेत अन्य उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
मांजलपुर सीट पर क्यों हो रहा उपचुनाव?
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव बीजेपी के आठ बार के विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण कराया जा रहा है।
गुजरात की मांजलपुर सीट वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। इस सीट पर अब तक बीजेपी का दबदबा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.