यूपी की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देगी योगी सरकार, सीएम ने किया बड़ा एलान

HIGHLIGHTS
- लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री ने की घोषणा
- ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ
- 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा एलान किया है। योगी सरकार प्रदेश की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देगी। बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार की हर योजना बेटियों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बेटियों का सम्मान, शिक्षा और भविष्य सुरक्षित नहीं था। प्रदेश में त्योहारों से पहले दंगे हो जाते थे और चारों तरफ अव्यवस्था व अराजकता का माहौल था।
उन्होंने कहा कि उस दौर को याद करने पर रोंगटे खड़े हो जाते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूपी में डबल इंजन की सरकार आने के बाद अराजकता को उत्सव में बदल दिया गया है। सरकार की हर योजना के केंद्र में बेटी है। उन्होंने कहा कि पहले हर योजना में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी होती थी, जबकि अब बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को जेल या जहन्नुम में कोई एक जगह मिलेगी। पहले बेटियों की सुरक्षा किस्मत पर निर्भर थी, लेकिन अब यह सिस्टम और तकनीक पर आधारित है।
निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ भी किया। इसके तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। योजना से रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को लाभ मिलने का अनुमान है।
निःशुल्क यात्रा के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे। इससे पात्र महिला यात्रियों की पहचान और मुफ्त यात्रा की व्यवस्था को आसान बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि माता अहिल्याबाई साहस और स्वाभिमान की प्रतीक हैं। इसी वजह से योजना का नाम ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ रखा गया है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं को अपने एक सहयात्री के साथ निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की प्रत्येक महिला को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.