डायरेक्टर कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन, अजय देवगन को दिया था पहला ब्रेक
By Hitesh — August 25, 2026

HIGHLIGHTS
- कुछ दिन पहले अस्पताल में कराया गया था भर्ती
- ब्लॉकेज की समस्या के बाद लगाया गया था स्टेंट
- अरुणा ईरानी के पति थे कुकू कोहली
Author: — Dainik Dehat
बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता-निर्देशक कुकू कोहली का निधन हो गया है। मंगलवार 25 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने से उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 77 वर्ष के थे। कुकू कोहली दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति थे।
मुंबई के अस्पताल में भर्ती थे कुकू कोहली
फिल्म निर्माता-निर्देशक कुकू कोहली को मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अरुणा ईरानी के भाई बलराज ईरानी ने इंडिया टुडे से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि कुकू कोहली की तबीयत ठीक नहीं थी और कुछ दिन पहले ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें ब्लॉकेज की समस्या थी और एक दिन पहले ही उनके स्टेंट लगाया गया था।
बलराज ईरानी ने बताया कि कुकू कोहली बिल्कुल ठीक थे, लेकिन मंगलवार शाम उन्हें हार्ट अटैक आया। उस समय वह परिवार से बात कर रहे थे और अचानक गिर पड़े।
कुकू कोहली की निजी जिंदगी
कुकू कोहली ने साल 1990 में अभिनेत्री अरुणा ईरानी से शादी की थी। इससे पहले उनकी शादी रीता कोहली से हुई थी। रीता कोहली से उनकी दो बेटियां पूजा कोहली और करिश्मा कोहली हैं।
कुकू कोहली की फिल्में
कुकू कोहली ने फिल्म 'फूल और कांटे' से अजय देवगन को पहला ब्रेक दिया था। इसी फिल्म में उन्होंने अजय देवगन का आइकॉनिक एंट्री सीन भी तैयार किया था, जिसमें अभिनेता दो चलती मोटरसाइकिलों पर पैर फैलाकर स्प्लिट स्टंट करते हुए कॉलेज में प्रवेश करते हैं।
इसके अलावा कुकू कोहली ने साल 1994 में 'सुहाग' फिल्म बनाई थी, जिसमें अजय देवगन और अक्षय कुमार नजर आए थे। यह फिल्म 'अंदाज अपना अपना' के साथ रिलीज हुई थी। उन्होंने 'कोहराम', 'आंटी नंबर 1' और 'हकीकत' जैसी फिल्मों का भी निर्देशन किया।
कल होगा अंतिम संस्कार
कुकू कोहली का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह साढ़े दस बजे मुंबई के ओशिवारा में किया जाएगा। इससे पहले सुबह साढ़े नौ बजे निर्देशक के आवास पर उनके अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
संबंधित खबरें
शाहिद कपूर की 'देवा' के एक्टर रोहुल्लाह मेहदी ड्रग्स केस में गिरफ्तार, 6.60 लाख का 28 ग्राम MD बरामद





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.