सियालकोट के 24 वर्षीय क्रिकेटर शाहजैब भट्टी ने पाकिस्तान क्रिकेट से दूरी बनाने का ऐलान कर खेल जगत को चौंका दिया है। भट्टी ने अपनी पोस्ट में राजनीति, भ्रष्टाचार और घरेलू क्रिकेट के कमजोर ढांचे को इसका कारण बताया।
सियालकोट में जन्मे भट्टी ने हाल ही में काएद-ए-आजम ट्रॉफी 2024-25 के फाइनल में पेशावर क्षेत्र के खिलाफ एक विकेट की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिसमें उन्होंने नाबाद 32 रन बनाए थे।
भट्टी ने बताया कि लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं मिली और करीब 40 मैचों तक बेंच पर बैठाया गया। उनका सपना पाकिस्तान क्रिकेट का प्रतिनिधित्व करना था, लेकिन घरेलू ढांचे की कमज़ोरियों ने उन्हें इस निर्णय पर मजबूर कर दिया।
भट्टी की वायरल पोस्ट
भट्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा:
"गुडबाय पाकिस्तान क्रिकेट। 24 साल की उम्र में मैं पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ रहा हूं। पिछले साल काएद-ए-आजम ट्रॉफी फाइनल में जीत हासिल की, लेकिन इसके बाद करीब 40 मैचों तक बेंच पर बैठा रहा। राजनीति, भ्रष्टाचार और ढांचे की कमी ने मेरा करियर प्रभावित किया। मुझे पता है कि कई और खिलाड़ी भी पाकिस्तान क्रिकेट छोड़ रहे हैं। गुडबाय।"
भट्टी का क्रिकेट करियर
शाहजैब भट्टी ने पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट में अब तक दो प्रथम श्रेणी मैच, एक लिस्ट A मैच और एक टी20 मैच खेला है। लाल गेंद क्रिकेट में उन्होंने एक पारी में पांच विकेट भी लिए हैं। दिसंबर 2024 में लाहौर व्हाइट्स के खिलाफ 236 रन देकर पांच विकेट झटके।
2024 में उन्होंने प्रेसिडेंट्स कप ग्रेड 1 में लिस्ट A डेब्यू करते हुए दो विकेट लिए और बाद में रावलपिंडी के खिलाफ टी20 डेब्यू में 4 ओवर में 47 रन देकर एक विकेट हासिल किया।