भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के दिनों में तनावपूर्ण माहौल रहा है। पहलगाम आतंकी हमले में 26 नागरिकों की मौत और उसके बाद भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई सैन्य कार्रवाई के चलते दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी और बढ़ गई थी। इसका असर खेल जगत पर भी साफ दिखा। पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हॉकी एशिया कप में भाग लेने से इनकार कर दिया था।
हॉकी इंडिया ने दी पुष्टि
हालांकि अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने बताया कि पाकिस्तान ने इस साल के अंत में भारत में होने वाले एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। यह टूर्नामेंट 28 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक चेन्नई और मदुरै में आयोजित होगा, जिसमें 24 देशों की अंडर-21 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत को पूल बी में पाकिस्तान, चिली और स्विट्जरलैंड के साथ रखा गया है।
टूर्नामेंट का महत्व
जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युवाओं की प्रतिभा दिखाने का सबसे प्रतिष्ठित मंच माना जाता है। यहां से कई खिलाड़ी भविष्य में सीनियर स्तर पर अंतरराष्ट्रीय स्टार बने हैं। मौजूदा चैंपियन जर्मनी ने 2023 के फाइनल में फ्रांस को 2-1 से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार खिताब जीता था।
एशिया कप से पीछे हटी थी पाक टीम
इस समय बिहार के राजगीर में चल रहे हॉकी एशिया कप 2025 से पाकिस्तान ने पहले ही नाम वापस ले लिया था। पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने एफआईएच और एएचएफ को पत्र लिखकर सुरक्षा कारणों से टीम भेजने में असमर्थता जताई थी। हालांकि अब वही महासंघ जूनियर वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत भेजने को तैयार हो गया है।