राजीव शुक्ला बने बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष, रॉजर बिन्नी की छुट्टी?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार, बोर्ड अध्यक्ष रॉजर बिन्नी अपने पद से इस्तीफा देने की तैयारी में हैं। इस बीच उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। बताया जा रहा है कि उनकी अध्यक्षता में 27 अगस्त को बोर्ड अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें ड्रीम-11 के हटने के बाद नए प्रायोजक पर चर्चा की गई।

रॉजर बिन्नी को 2022 में सौरव गांगुली की जगह बोर्ड का अध्यक्ष चुना गया था। अब वे 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, और बोर्ड के नियमों के तहत किसी भी पदाधिकारी को इस उम्र के बाद पद छोड़ना अनिवार्य होता है। ऐसे में बिन्नी आगे अध्यक्ष पद पर बने रहने के पात्र नहीं हैं।

नियम क्या कहते हैं?

BCCI के संविधान के अनुसार, 70 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पदाधिकारी को कार्यकाल के बीच में ही पद खाली करना पड़ता है। इस स्थिति में उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला कुछ समय के लिए कार्यभार संभालेंगे और नए अध्यक्ष चुने जाने तक कार्यवाहक अध्यक्ष बने रहेंगे। शुक्ला 2020 से उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

रॉजर बिन्नी 1983 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वे गांगुली के बाद BCCI की कमान संभालने वाले तीसरे पूर्व क्रिकेटर बने थे। गांगुली 2019 से 2022 तक बोर्ड अध्यक्ष रहे थे।

आगे की प्रक्रिया

राष्ट्रीय खेल शासन कानून (नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस लॉ) लागू होने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, जिसके चलते BCCI अगले महीने अपनी वार्षिक आम बैठक (AGM) और चुनाव पूर्व निर्धारित समय पर ही कराएगा। मंत्रालय का कहना है कि इस कानून को पूरी तरह लागू होने में अभी 4–5 महीने का समय और लग सकता है, इसलिए चुनाव टाले नहीं जाएंगे।

फिलहाल बोर्ड और उसके राज्य संघ सर्वोच्च न्यायालय की लोढ़ा समिति की सिफारिशों के आधार पर बने संविधान के अनुसार ही काम करेंगे। खेल मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय और राज्य दोनों स्तरों पर चुनाव मौजूदा नियमों के तहत ही कराए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here