पूर्व भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने आश्चर्यजनक पोस्ट से फैंस को हैरान कर दिया। उन्होंने खुलासा किया कि वह रात को सोने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसके लिए दिग्गज ने मदद की गुहार भी लगाई। बता दें कि, पूर्व सलामी बल्लेबाज का जीवन हाल के वर्षों में संघर्ष भरा रहा है। उनकी जिंदगी बदलावों के साथ गुजर रही है।
फैंस ने की मदद की पेशकश
कुछ प्रशंसकों का मानना है कि शिखर धवन की रातों की नींद उड़ने के पीछे कारण, उनके जीवन में हो रहे बदलाव हैं। हालांकि, उनकी परेशानी के पीछे का असली कारण कोई नहीं जानता। इस बीच, फैंस ने शिखर धव की पोस्ट पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दीं। कुछ उन्हें मीम्स से खुश करने की कोशिश कर रहे थे, जबकि कुछ उनकी मदद करने की कोशिश करते भी दिखे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके धवन
शिखर धवन ने इस साल 24 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। 37 साल के इस खिलाड़ी ने 2010 में भारत के लिए डेब्यू किया था। अपने 13 साल के करियर में वह 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
आईपीएल में भी चला है धवन का बल्ला
धवन ने आईपीएल में भी जमकर रन बनाए हैं। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल बल्लेबाजों में एक हैं। वह सर्वाधिक रन बनाने के मामले में विराट कोहली के बाद दूसरे स्थान पर हैं। धवन ने 222आईपीएल मैचों में 6769 रन बनाए हैं। इस दौरान दो शतक और 51 अर्धशतक लगाए हैं। धवन का औसत 35.26 और स्ट्राइक रेट 127.14 का रहा है।