इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी के परिजनों ने पुणे में सामने आए चर्चित मंगेतर हत्याकांड को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे शिलांग में हुई राजा रघुवंशी की हत्या से जोड़ते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि हालिया मामले की आरोपी सिया की हिम्मत इसलिए बढ़ी क्योंकि सोनम रघुवंशी को समय से पहले जमानत मिल गई।
राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने सिया गोयल की तुलना सोनम से करते हुए कहा कि उसके व्यवहार और हाव-भाव में सोनम जैसी झलक दिखाई देती है। उनके मुताबिक, जिस तरह सोनम ने शिलांग ले जाकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या कर शव को खाई में फेंक दिया था, उसी तरह पुणे मामले में सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर अपने मंगेतर केतन को पहाड़ी से धक्का देकर हत्या करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि सिया ने भी इससे पहले कई बार अपने मंगेतर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी, जैसा आरोप पहले सोनम रघुवंशी पर भी लग चुका है।
शिलांग मामले की बात करें तो पिछले साल जून में राजा रघुवंशी की हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें आरोप था कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह और उसके साथियों के साथ मिलकर चाकू से हत्या की और शव को खाई में फेंक दिया। करीब दस दिन बाद पुलिस को खाई से शव बरामद हुआ था।
जांच में सामने आया था कि हत्या के बाद सोनम इंदौर लौटकर एक फ्लैट में छिप गई थी। बाद में पुलिस ने उसे गाजीपुर से गिरफ्तार किया था। इस मामले में सोनम समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
फिलहाल सोनम रघुवंशी जमानत पर रिहा है और शिलांग में रह रही है। वहीं, मेघालय सरकार ने उसकी जमानत रद्द करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।