भागलपुर के बड़ी खंजरपुर स्थित महाराजघाट के मूल निवासी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विश्वनाथ सिन्हा को केरल सरकार का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वे 1 जुलाई से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद भागलपुर में खुशी का माहौल है और लोगों ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है।

विश्वनाथ सिन्हा 1992 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में केरल सरकार के गृह विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। अब वे मौजूदा मुख्य सचिव ए. जयतिलक का स्थान लेंगे, जो 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक सेवा में उनके लंबे अनुभव और कार्यकुशलता का परिणाम माना जा रहा है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने केरल प्रशासन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विश्वनाथ सिन्हा का संबंध भागलपुर के बड़ी खंजरपुर स्थित महाराजघाट क्षेत्र से है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएमएस स्कूल, भागलपुर से प्राप्त की, इसके बाद जिला स्कूल से आगे की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने टीएनबी कॉलेज में अध्ययन किया और स्नातक की डिग्री हासिल की, जिसके बाद वे दिल्ली गए और वहां से स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की।

करीब दो दशक पहले उनका परिवार भागलपुर से दिल्ली शिफ्ट हो गया था, लेकिन शहर से उनका जुड़ाव आज भी बना हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी खंजरपुर समेत आसपास के इलाकों में खुशी की लहर है।

अब राज्य के शीर्ष प्रशासनिक पद पर उनकी नियुक्ति को उनकी उत्कृष्ट सेवा, अनुभव और नेतृत्व क्षमता की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।