राजधानी पटना के मुसल्लहपुर इलाके में स्थित चर्चित शिक्षक फैजल खान, जिन्हें खान सर के नाम से भी जाना जाता है, के कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ में आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। अचानक परिसर से धुआं उठता देख वहां मौजूद छात्रों और कर्मचारियों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
हालांकि, स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया और कोचिंग प्रबंधन तथा छात्रों की सतर्कता के चलते आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ दिन पहले ही अग्निशमन विभाग ने संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई थी।
जानकारी के अनुसार, फायर सेफ्टी विभाग की टीम ने 7 जून और 23 जून को खान ग्लोबल स्टडीज और उससे जुड़े अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया था। इस जांच के दौरान कई जगहों पर गंभीर खामियां पाई गई थीं और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन न होने की बात सामने आई थी।
विभाग ने इस पर नोटिस जारी करते हुए प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए 7 से 10 दिनों का अल्टीमेटम भी दिया था। इसी बीच आग लगने की घटना ने संस्थान की सुरक्षा तैयारियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।