पटना में गर्मी ने 43 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार को राज्य के 33 जिले सीवियर हीट वेव की चपेट में है। वहीं, पांच जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी है। इसमें रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, बक्सर और गया जिले शामिल हैं। पटना का तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
बता दें कि मंगलवार को राजधानी का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए मुजफ्फरपुर में 5वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। यहां 20 से 22 अप्रैल तक क्लास नहीं लगेंगी। पटना में भी सभी स्कूल अब सुबह 10:45 बजे तक ही खुलेंगे। वैशाली में भी स्कूल सुबह 10:30 बजे लगेंगे।
मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर शेखपुरा रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रभाव समुद्र तल से औसत 6 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है। इस कारण राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा। पूरे राज्य में हवा की गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे, झोंके के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी।
साल 1980 में 44.6 डिग्री सेल्सियस गया था पारा
मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 44 डिग्री पार कर गया। पटना का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अप्रैल महीने में 43 साल का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 43 सालों में इस स्तर पर पटना का तापमान अप्रैल महीने में नहीं पहुंचा था। बता दें कि इससे पहले अप्रैल महीने में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29 अप्रैल 1980 में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
25 जिलों का पारा 40 डिग्री के पार
प्रदेश में मंगलवार को 25 जिलों में 40 के पार पारा दर्ज किया गया। जिसमें शेखपुरा 44.4 डिग्री, पटना 44.1 डिग्री, गया 43.3 डिग्री, भागलपुर 42.7 डिग्री, पूर्णिया 41.4 डिग्री, पश्चिमी चंपारण 42.8 डिग्री, सारण 40.1 डिग्री, दरभंगा 41 डिग्री, सुपौल 41.6 डिग्री, अररिया 40.2 डिग्री, भागलपुर 42.5 डिग्री, रोहतास 43.6 डिग्री, पूर्वी चंपारण 41.8 डिग्री, जमुई 41.2 डिग्री, भोजपुर 42.8 डिग्री, वैशाली 42.5 डिग्री, औरंगाबाद 42.2 डिग्री, खगड़िया और बांका 43.2 डिग्री, कटिहार 41 डिग्री, नवादा 43.3 डिग्री, नालंदा 42.9 डिग्री, सिवान 42.4 डिग्री, समस्तीपुर और सहरसा में 40.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।