भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल के रंगरा थाना क्षेत्र स्थित सधुआ गांव में जमीन विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। यहां छोटे भाई पर अपने बड़े भाई की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान स्वर्गीय गनौरी सिंह के पुत्र फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक फुलेश्वर यादव चंडीगढ़ में रहकर राजमिस्त्री का काम करते थे। चार दिन पहले उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी मां घायल हो गई हैं, जिसके बाद वह घर लौट आए थे। इसी दौरान परिवार में चल रहे जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

डेढ़ बीघा जमीन बना विवाद की वजह

मृतक की मां कौशल्या देवी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच पहले ही डेढ़-डेढ़ बीघा जमीन का बंटवारा हो चुका था। आरोप है कि छोटा भाई रुदल सिंह अपनी जमीन पहले ही बेच चुका था और अब बड़े भाई की जमीन पर कब्जा कर बैंक से लोन लेने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात रुदल सिंह ने अपनी पत्नी अंजू देवी और साले शत्रुघ्न सिंह के साथ मिलकर छत पर सो रहे फुलेश्वर यादव का गला दबा दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के लिए घर की पानी की टंकी में डाल दिया।

शव मिलने से गांव में सनसनी

घटना के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ मौके से फरार हो गए। गुरुवार शाम ग्रामीणों को शक होने पर पानी की टंकी की जांच की गई, जहां से फुलेश्वर यादव का शव बरामद हुआ। इस घटना के सामने आते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी सपना देवी, तीन बेटे खुशहाल कुमार (20), क्षत्रिय कुमार (17), संजीव कुमार (14) और एक बेटी सोनाक्षी (10) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने के बाद रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।