जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को उनके पद से हटाया जा रहा है। 2. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। 3. नीतीश कुमार ललन सिंह से नाराज हैं। 4. आगामी 29 दिसंबर को जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में यह सब बदलाव हो जाएगा। 5. जनता दल यूनाइटेड टूट कर राजद में चला जाएगा। 6. जदयू अध्यक्ष ललन सिंह खुद राजद में चले जाएंगे। 7. उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव मुख्यमंत्री बन जाएंगे।- बिहार की राजनीतिक फिजा में इन अटकलों को विराम देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार की देर शाम खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे। 10 मिनट की इस मुलाकात में 29 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पर हल्की बातचीत के अलावा कुछ नहीं हुआ होगा, लेकिन इस मुलाकात ने तमाम अटकलों को एक नई दिशा दे दी है।

त्यागी के बयान ने अटकलों को बढ़ा दिया
ऊपर जिन सात अटकलों की बात की जा रही है, इसके बारे में जदयू या राजद की ओर से औपचारिक तौर पर कोई बयान नहीं आया है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से कई नेता इन अटकलों को हवा दे चुके हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तो जदयू के टूटने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका तक बता दी। शुक्रवार को जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने इंडी एलायंस की दिल्ली में हुई बैठक के दौरान ममता बनर्जी की ओर से दिए प्रस्ताव पर बयान देकर यह जता दिया कि राजनीति में फिलहाल सब कुछ सामान्य नहीं है।