ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर बृहस्पतिवार सुबह 6 बजे से पुराने लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव लागू किए जाएंगे। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए कई मार्गों पर डायवर्जन और प्रतिबंध लगाए गए हैं। आपातकालीन स्थिति में फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर मार्ग दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें। ट्रैफिक से जुड़ी किसी भी समस्या या आपात स्थिति में 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रमुख डायवर्जन व्यवस्था
सीतापुर रोड से डालीगंज क्रॉसिंग की ओर जाने वाले वाहन अब पक्का पुल की तरफ नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज से बाएं मुड़कर चौराहा नंबर-8 और निरालानगर होते हुए आईटी चौराहे की ओर जा सकेंगे।
पक्का पुल खदरा तिराहे से भी वाहनों को पक्का पुल की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें बंधा रोड या नए पक्के पुल के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
हरदोई रोड और बालागंज से आने वाले भारी वाहन तथा सिटी बसें बड़ा इमामबाड़ा और टीले वाली मस्जिद की ओर नहीं जा सकेंगी। इन्हें कोनेश्वर चौराहा, चौक, मेडिकल कॉलेज और शाहमीना तिराहा होकर गुजरना होगा।
नींबू पार्क और आसपास के क्षेत्रों से बड़ा इमामबाड़ा की तरफ वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन वाहनों को नए पुल या कोनेश्वर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
नींबू पार्क ओवरब्रिज से उतरने वाले वाहन रूमी गेट की ओर नहीं जा सकेंगे और उन्हें चौक, ठाकुरगंज या चरक चौराहा मार्ग का उपयोग करना होगा।
किन मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा
मेडिकल क्रॉस चौराहे से फूलमंडी और खुन-खुन जी गर्ल्स कॉलेज की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा और उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
शाहमीना तिराहे से पक्का पुल और टीले वाली मस्जिद की दिशा में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इन्हें डालीगंज, नदवा बंधा और हनुमान सेतु होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।
डालीगंज पुल और सीतापुर रोड की ओर जाने वाली रोडवेज बसें पक्का पुल की तरफ नहीं जा सकेंगी।
एवरेडी तिराहे से मिल एरिया की ओर बड़े वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इन्हें वैकल्पिक रूप से मवैया ओवरब्रिज और राजाजीपुरम मार्ग से भेजा जाएगा।
नो-एंट्री जोन
बुलाकी अड्डा, लाल माधव (हैदरगंज), नाका, ऐशबाग और यहियागंज क्षेत्र में ईदगाह की ओर जाने वाले मार्गों पर आम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल नमाज में शामिल होने वाले वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी।
रकाबगंज पुल चौराहे से नक्खास और यहियागंज की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा और उन्हें मेडिकल कॉलेज और नाका मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
ऐशबाग पुल के आसपास भी ट्रैफिक सीमित रहेगा और ईदगाह की दिशा में गैर-जरूरी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।