बिहार में मंगलवार-बुधवार के बीच जहरीली शराब ने फिर बड़ा रूप दिखाया। दो सीमावर्ती जिलों में 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 38 लोग सिर्फ सीवान जिले में बीमार हैं। सरकार ने इन मौतों की पुष्टि कर दी है, लेकिन जहरीली शराब को हमेशा की तरह कारण नहीं बताया गया है। अबतक इन मौतों को संदिग्ध बताया जा रहा है। मरने वालों और बीमारों की संख्या और ज्यादा हो सकती है, यह आशंका पुलिस-प्रशासन को भी है। इसलिए, बाकायदा सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
सारण में तीन की मौत, पटना भी नहीं पहुंच सका
सारण में घटना मशरक थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में हुई है, जो सीवान जिले के भगवानपुर हाट और सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र की सीमा पर है। जहरीली शराब पीने से मशरख थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी लतीफ मियां के 30 वर्षीय पुत्र इस्लामुद्दीन अंसारी की मौत हुई है। आलम अंसारी के 29 वर्षीय पुत्र मुमताज अंसारी और रियाज अंसारी के 18 वर्षीय पुत्र शमशाद अंसारी का इलाज चल रहा था। शमशाद की भी पटना जाने के दौरान मौत हो गई। शाम होते-होते इनके अलावा भी सारण में केस सामने आ गए। मशरक थाना क्षेत्र के ही सुंदर गांव निवासी वकील मियां के 35 वर्षीय पुत्र गुल मोहम्मद की संदिग्ध स्थिति में मौत की सूचना आई।
सीवान में छह मृतकों का नाम सामने आया
सीवान जिला प्रशासन की ओर से देर शाम औपचारिक रूप से जानकारी दी गई कि 16 अक्टूबर 2024 को भगवानपुर हाट प्रखंड के माघर एवं कौडिया पंचायत में संदेहास्पद परिस्थिति में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। सुबह 7:30 बजे से कौडिया एवं माघर के आसपास कुछ लोगों के बीमार एवं मृत होने की सूचना प्राप्त हुई थी।
डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि कुल चार लोगों की आकस्मिक मृत्यु संदिग्ध परिस्थिति में हुई है। अन्य बीमार लोगों को इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल सीवान में भर्ती करवाया गया। शाम तक सिविल सर्जन की ओर से जिला प्रशासन को प्राप्त सूचना के अनुसार 38 व्यक्ति बीमार हुए, जिनमें से 25 का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। चार को गंभीर हालत में पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। अब तक कुल नौ लोगों की मौत की सूचना प्राप्त है। दूसरी तरफ, अस्पताल में कुल 42 के पहुंचने और इलाज कराने की जानकारी मिली।
अब भी संख्या बढ़ने की आशंका, नंबर जारी
जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में लिखा गया है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मृतकों के संबंध में विभिन्न तरह की जानकारी प्राप्त हो रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 06154-24 2008 जारी कर अपील की जा रही है कि यदि किन्हीं के पास भी इस घटना के बारे में अथवा घटना में मृत लोगों के संबंध में कोई ठोस सूचना हो तो अविलंब इस नंबर पर दें।सदर अस्पताल सीवान एवं बसंतपुर स्वास्थ्य केंद्र को सिविल सर्जन सीवान ने 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। प्रभावित पंचायतों में अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था रखी गई है।
थानाध्यक्ष व दो चौकीदार निलंबित, नौ गिरफ्तार
सीवान जिला प्रशासन ने आखिरकार नौ लोगों की मौत की सूचना सार्वजनिक की। 'अमर उजाला' ने दोपहर में ही छह मृतकों का नाम सामने लाकर प्रशासन से इसकी पुष्टि के लिए कहा था। मृतकों के यह नाम सामने आए थे- (1) कौड़िया वैश्य टोला के अरविंद सिंह 40 वर्ष (2) रामेंद्र सिंह 30 वर्ष (3) माघर पोखरा के संतोष महतो उम्र 35 वर्ष (4) मुन्ना 32 (5) बृज मोहन सिंह (6) भगवानपुर हाट थाने के माघर निवासी गंगा साह के पुत्र मोहन साह। देर शाम भी प्रशासन ने नामों की सूचना नहीं दी।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि मृत्यु के कारण को ज्ञात करने के लिए शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही तथ्य की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। पुलिस अधीक्षक सीवान ने ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष भगवानपुर हाट के साथ दो चौकीदारों को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीवान ने एसआईटी गठित कर सारण जिला के साथ मिलकर संयुक्त छापामारी शुरू कर दी है। घटना से संबंधित नौ लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया है।