पटना। राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए विवाद मामले में जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद सोमवार को बेउर जेल से रिहा हो गए। उन्हें 2 जून की रात हुए विवाद के बाद अगले ही दिन गिरफ्तार किया गया था।
जमानत मिलने के बाद रौशन आनंद दोपहर के समय जेल से बाहर आए। बाहर निकलते ही उन्होंने मीडिया से बातचीत में खान सर (फैजल खान) पर कई गंभीर आरोप लगाए।
खान सर और आरएस प्रसाद पर लगाए गंभीर आरोप
रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने मिलकर उनके भाई की हत्या की साजिश रची। उन्होंने कहा कि जब वे बाहर थे तब ऐसी कोई घटना नहीं हुई, लेकिन जेल जाने के बाद उनके भाई की हत्या कर दी गई।
उन्होंने आगे कहा कि खान सर बार-बार गलत बयान दे रहे हैं और इस मामले की निष्पक्षता के लिए नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पहले खान सर ने आरोप लगाया था कि गोली चलवाई गई, लेकिन बाद में वीडियो सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई।
पुलिस और नेताओं पर भी उठाए सवाल
रौशन आनंद ने पटना पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें मात्र छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे पक्ष पर कार्रवाई में देरी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं का प्रभाव उन्हें बचाने में काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जब तक उनके भाई को न्याय नहीं मिल जाता, वे घर नहीं लौटेंगे।
प्रिंस यादव की मौत का मामला भी चर्चा में
इस पूरे विवाद के बीच प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे। इस घटना के बाद नेपाल पुलिस ने उनके साथ मौजूद चार लोगों को हिरासत में लिया था।