रोहतक के डीपार्क इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सोमवार सुबह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रभावितों को 50 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उनकी क्षति की भरपाई किसी भी रूप में संभव नहीं है, लेकिन सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

सीएम सैनी ने मौके का निरीक्षण करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा शॉर्ट सर्किट और एसी कंप्रेसर फटने के कारण आग फैलने से हुआ है। आग इतनी तेजी से फैली कि कई दुकानें और शोरूम पूरी तरह जलकर राख हो गए। उन्होंने मृतकों सौरभ, कपिल और अमन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नुकसान के आकलन के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग (ULB) विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसके आधार पर आगे मुआवजा जारी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार सहायता दी जाएगी—दुकानदारों को 5-5 लाख रुपये, जूस विक्रेताओं को 2-2 लाख रुपये और रेहड़ी-पटरी वालों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

करीब 11:35 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पूरे डीपार्क क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।