उद्योग जगत के दिग्गज और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सोमवार को उत्तराखंड स्थित पवित्र धाम बदरीनाथ और केदारनाथ में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने इस दौरान देश की समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की। साथ ही श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को कुल 10 करोड़ रुपये का आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, मुकेश अंबानी ने पहले बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा की। इसके बाद वे केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा केदार के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।
दोनों धामों में दर्शन के बाद उन्होंने बीकेटीसी को दो अलग-अलग चेक सौंपे। इनमें बदरीनाथ धाम के विकास और व्यवस्थाओं के लिए 5 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ धाम के लिए भी 5 करोड़ रुपये की राशि शामिल है।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि अंबानी परिवार की दोनों धामों के प्रति गहरी आस्था है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुकेश अंबानी का स्वागत किया और उन्हें प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।