सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी के भंवरसेन घाट पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। मैहर जिले से पिकनिक मनाने पहुंचे चार युवक-युवतियां नहाने के दौरान गहरे पानी और तेज भंवर की चपेट में आकर डूब गए। कुछ ही पलों में सभी नदी की धार में बह गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार घटना सोमवार करीब 12:30 बजे हुई। सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा, थाना पुलिस और खड्डी चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया।
तलाशी के दौरान एक युवती का शव घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर नदी में तैरता मिला। उसकी पहचान ज्योति सेन (24), निवासी बूढ़ा बाउर, थाना रामनगर, जिला मैहर के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि गोताखोरों और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार अन्य लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि सभी गहरे भंवर में फंस गए थे, जिससे वे बाहर नहीं निकल पाए।
तीन लोग अभी भी लापता
इस हादसे में अब भी तीन लोग लापता हैं—
- सुभी सेन (15), निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर
- नीलू बैस (22), निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर
- लखन केवट (26), निवासी घोगटपुर, जिला राजगढ़
भंवरसेन घाट क्षेत्र हर साल बड़ी संख्या में पिकनिक और स्नान के लिए लोगों को आकर्षित करता है, लेकिन तेज बहाव और गहरे भंवर के कारण यह स्थान पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है।