मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक युवक ने चार साल के मासूम पर बेरहमी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में बच्चे के सिर में फ्रैक्चर हो गया है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घर के बाहर खेलते समय हुआ हमला
बैंक स्ट्रीट स्थित स्काउट भवन के सामने रहने वाले अनवर खान ने बताया कि 11 जून की शाम उनका चार वर्षीय बेटा नबील घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला अरशद, जो नशे की हालत में था, वहां पहुंचा और बिना किसी वजह के बच्चे पर हमला कर दिया।
आरोप है कि आरोपी ने मासूम को कई बार जमीन पर पटक दिया और फिर नाली साफ करने वाले लोहे के धारदार औजार से भी वार किया। इस हमले में बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया।
बहन ने दिखाई हिम्मत, बचाई भाई की जान
परिजनों के अनुसार जब आरोपी बच्चे पर हमला कर रहा था, उसी समय उसकी 14 वर्षीय बहन आलिया ने भाई को बचाने के लिए उसे ढक लिया और जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को आरोपी से छुड़ाया।
परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते लोग नहीं पहुंचते तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
परिवार ने आरोप लगाया कि थाने में शिकायत देने पर पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया और समझौते का दबाव बनाया गया, जिसके बाद उन्होंने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी।
पुलिस की कार्रवाई
लालकुर्ती थाना पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी हाल ही में नशा मुक्ति केंद्र से लौटा था और घटना के बाद उसे दोबारा वहीं भेज दिया गया है।
एसपी सिटी के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी और आरोपी की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।