छपरा के साधु लाल उच्च विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर सोमवार को BPSC सहायक शिक्षा विकास अधिकारी (AEDO Exam 2026) परीक्षा के दौरान नकल का हैरान करने वाला मामला सामने आया। जांच के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंचा युवक
गिरफ्तार युवक की पहचान सिवान जिले के रोहित कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि वह अपने मित्र के स्थान पर परीक्षा देने आया था और हाईटेक तरीके से नकल करने की कोशिश कर रहा था।
चप्पल और ब्लूटूथ से नकल का खुलासा
ड्यूटी पर तैनात एसआई उपेंद्र मांझी द्वारा की जा रही मेटल डिटेक्टर जांच के दौरान युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। तलाशी लेने पर उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुए। जांच में सामने आया कि उसने चप्पल में विशेष डिवाइस छिपा रखी थी और कान में ब्लूटूथ लगाकर बाहर बैठे व्यक्ति से उत्तर प्राप्त कर रहा था।
बाहर से मिल रहे थे जवाब
यह एक तरह की एकतरफा संचार प्रणाली थी, जिसमें बाहर मौजूद व्यक्ति प्रश्नों के उत्तर भेज रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उपकरण उसने समस्तीपुर से मंगवाया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। स्कूल प्रशासन से औपचारिक शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।