बिहार विधानसभा चुनाव के बीच महागठबंधन और एनडीए नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज़ होती जा रही है। छपरा से आरजेडी प्रत्याशी और भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव को भाजपा नेता व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा ‘नचनिया’ कहे जाने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। इस बयान पर अब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान रोहिणी ने कहा कि सम्राट चौधरी के पास कहने को कुछ नहीं है, इसलिए वे कलाकारों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा में मनोज तिवारी, रवि किशन, निरहुआ, पवन सिंह, हेमा मालिनी और कंगना रनौत जैसे कई कलाकार हैं — क्या ये सब भी नचनिया हैं? जब भाजपा इन्हीं कलाकारों को मंचों पर लेकर घूमती है, तब उसे शर्म क्यों नहीं आती?”

रोहिणी आचार्य ने भाजपा पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि भीड़ जुटाने के लिए एनडीए कलाकारों का इस्तेमाल करता है, लेकिन विपक्ष के कलाकारों को अपमानित करता है। उन्होंने कहा, “हमारे कलाकार भारत की पहचान हैं। फिल्मों और संस्कृति के माध्यम से देश का नाम रोशन करते हैं। भाजपा को उन्हें सम्मान देना चाहिए, न कि नीचा दिखाना चाहिए।”

भाजपा की नीतियों पर निशाना साधते हुए रोहिणी ने कहा कि बीते 20 वर्षों में भाजपा ने जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा, “अब ये लोग कभी जंगलराज तो कभी नचनिया जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इस बार बिहार की जनता जवाब देने के लिए तैयार है।”

इस बयानबाज़ी के बाद चुनावी माहौल और गर्मा गया है। खेसारी लाल यादव के समर्थन में सोशल मीडिया पर भी अभियान शुरू हो गया है, जबकि भाजपा नेताओं ने सम्राट चौधरी के बचाव में मोर्चा संभाल लिया है।