जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियों को जब्त किया है। ये संपत्तियां कथित तौर पर ड्रग्स की अवैध बिक्री से अर्जित की गई थीं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, श्रीनगर पुलिस ने ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर’ अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) के अंतर्गत यह कार्रवाई की है। सभी मामलों में आवश्यक कानूनी अनुमति लेकर संपत्तियों को अटैच किया गया है।

पहले मामले में डेढ़ करोड़ की संपत्ति जब्त

पहले मामले में बेमिना थाना क्षेत्र के कथित ड्रग तस्कर मुदासिर अहमद पीर उर्फ साहिल उर्फ डोगे की लगभग 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इसमें एक दो मंजिला मकान और करीब चार मरला जमीन शामिल है।

दूसरे मामले में 50 लाख की संपत्ति अटैच

दूसरे मामले में उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा निवासी शफीक अहमद ख्वाजा की लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति को अटैच किया गया है। यह कार्रवाई म.आर. गंज थाना क्षेत्र में दर्ज एक एनडीपीएस केस से जुड़ी बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि संपत्तियां अवैध नशा कारोबार से ही अर्जित की गई थीं।