राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव बुधवार को 78 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर बिहार के विभिन्न जिलों में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया। पटना स्थित उनके आवास पर सुबह से ही शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया।

राहुल गांधी ने जताया मानवीय जुड़ाव
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि उनका रिश्ता लालू प्रसाद से केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि मानवीय आधार पर भी जुड़ा रहा है। सामाजिक न्याय की लड़ाई और साझा मूल्यों ने इस संबंध को और मजबूत किया है। राहुल ने यह भी कहा कि लालू यादव ने हमेशा उन वर्गों की आवाज उठाई, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज किया जाता है। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

हेमंत सोरेन और एमके स्टालिन ने भी दी बधाई
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लालू यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उन्हें गरीबों, वंचितों और शोषितों की आवाज बताया और ईश्वर से उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी लालू यादव को सामाजिक न्याय के लिए लड़ने वाला प्रेरक नेता बताते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कर लालू यादव ने सामाजिक संरचना में बड़ा बदलाव लाया और उन्होंने साम्प्रदायिक ताकतों के विरुद्ध दृढ़ता से मोर्चा संभाला।