पटना। बिहार प्रशासन में बड़ा बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा संसदीय कार्य विभाग के सचिव अनुपम कुमार को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यमुक्त कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी आदेश के अनुसार, अनुपम कुमार की जगह अब डॉ. चंद्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी को भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में संयुक्त सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। उन्हें 1 मई से अपने नए पदों पर योगदान देने के लिए रिलीज किया गया है।
चंद्रशेखर सिंह को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
वर्तमान में मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत डॉ. चंद्रशेखर सिंह को अब सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और संसदीय कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
प्रशासनिक अनुभव से भरपूर अधिकारी
डॉ. चंद्रशेखर सिंह 2010 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में स्नातकोत्तर और पीएचडी की है। प्रशासनिक सेवा में अपने करियर के दौरान वे पटना के जिलाधिकारी और प्रमंडलीय आयुक्त जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं।
इसके अलावा उन्होंने कई जिलों में एसडीओ के रूप में भी कार्य किया है। उन्हें एक प्रभावी और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में जाना जाता है।