पटना में तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रक अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। इस हादसे में दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में एक ट्रक ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना नौबतपुर थाना क्षेत्र के पटना विक्रमपुर बलियावन गांव के पास की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना नौबतपुर थाने को दी। सूचना मिलते ही नौबतपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक ट्रक ड्राइवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया। मृतक ड्राइवर की पहचान जहानाबाद जिला के मखदुमपुर निवासी भुरिक यादव (26) के रूप में हुई है।
ट्रक काटकर निकाला गया चालक का शव
घटना के संबंध में नौबतपुर थाना प्रभारी रजनीश कुमार केसरी ने बताया कि दोनों ट्रक अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। इस हादसे में एक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि नौबतपुर थाना क्षेत्र के पटना विक्रमपुर बलियावन गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रक आमने-सामने से टकरा गये। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। ट्रक को ड्राइव कर रहे एक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गए। वहीं दूसरी तरफ दूसरा ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतक ट्रक चालक के शव को ट्रक काटकर निकाला गया।

खाली थे दोनों ट्रक
घटना होते ही घटनास्थल पर घंटो अफरातफरी का माहौल बना गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी स्थानीय थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटना के संबंध में नौबतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ट्रक पर कुछ भी लोड नहीं था। एक ट्रक विक्रम से पटना की तरफ आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक पटना से विक्रम की तरफ जा रहा था। दोनों ट्रक बलियावन गांव के नजदीक अनियंत्रित हो गये और दोनों के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई।