पटना में ज्ञान बिंदु संस्थान के संचालक रौशन आनंद अपने अधिवक्ता के साथ कदमकुआं थाना पहुंचे और अपने भाई प्रिंस यादव की कथित साजिश के तहत हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले में फैजल खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

मुसल्लहपुर हिंसा से भी जुड़ रहा मामला

यह पूरा विवाद 2 जून को मुसल्लहपुर इलाके में हुई तोड़फोड़ और पथराव की घटना से भी जोड़ा जा रहा है। रौशन आनंद का आरोप है कि उनके भाई प्रिंस यादव की नेपाल में सुनियोजित तरीके से हत्या कराई गई है और इसके पीछे फैजल खान की भूमिका है।

उनका कहना है कि यह पूरी घटना एक पूर्व नियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद उन्होंने सीधे तौर पर फैजल खान को इसके लिए जिम्मेदार बताया।

थाने में दिया गया लिखित आवेदन

बुधवार शाम रौशन आनंद ने थाना परिसर में पुलिस को लिखित आवेदन भी सौंपा, जिसमें हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। दोनों पक्षों के बीच पहले से ही तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया क्षेत्राधिकार का मामला

कदमकुआं थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया है। पुलिस के अनुसार कथित घटना नेपाल में हुई है, इसलिए स्थानीय स्तर पर मामला दर्ज करने में कानूनी और तकनीकी बाधाएं हैं।

टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने भी क्षेत्राधिकार संबंधी समस्या की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारियों से राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।