जयनगर से दानापुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन पर सामाजिक तत्वों ने पथराव किये, जिसमें ट्रेन की कई बगिययों के शीशे टूट गये। यह घटना हायाघाट और रामभद्रपुर स्टेशन के बीच की है। इस मामले में आरपीएफ ने एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में यात्रियों ने बताया कि हायाघाट से ट्रेन खुलने के बाद रामभद्रपुर के बीच ट्रेन में सवार आधा दर्जन की संख्या में युवकों ने कई जगहों पर चेन पुलिंग किया था। बार-बार चेन पुलिंग किए जाने के कारण ट्रेन में सवार यात्रियों ने इसका विरोध किया। इस दौरान यात्रियों ने एक युवक को पकड़ लिया। इसी बात से नाराज होकर चेन पुलिंग करने वाले युवकों ने रामभद्रपुर स्टेशन पर ट्रेन खुलते ही पथराव शुरू कर दिये। इस पथराव में ट्रेन की कई बोगियों के शीशे टूट गए। यात्रियों ने पकड़े गए युवक को समस्तीपुर में आरपीएफ के हवाले कर दिया। हिरासत में लिए गये युवक ने अपनी पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रतबारा गांव का रहने वाला बताया है। समस्तीपुर स्टेशन की आरपीएफ उक्त युवक सहित उसके अन्य साथियों पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।