बिहार में जब लालू प्रसाद यादव और उनके बाद राबड़ी देवी मुख्यमंत्री थीं तो विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए यहां 'जंगलराज' होने की बात प्रचारित की थी। अब विपक्ष में लालू-राबड़ी के बेटे तेजस्वी यादव हैं और उन्होंने पूर्व मंत्री व विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या के बाद बिहार में असल जंगलराज अब होने की बात कही है। बड़ी बात यह भी कि तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद भाजपा ने तो अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही, लेकिन जदयू ने तेजस्वी यादव से साथ-साथ यह भी पूछ दिया कि वह अगर अपराधी के बारे में जानते हैं तो पुलिस और सरकार की मदद के लिए आगे आएं।

भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक की प्रतिक्रिया 
विकासशील इंसान पार्टी(VIP) प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या पर भाजपा नेता अजय आलोक ने कहा, "हत्या किसी की भी हो यह एक जघन्य अपराध है... 72 घंटों के अंदर इसका उद्बोधन होगा... सभ्य समाज में आप अपराध को रोक नहीं सकते हैं चाहे आप कितने ही सक्षम हो जाए, इसका एक उदाहरण अमेरिका है जहां ट्रंप पर हमला हो गया... राज्य सरकार अंकुश लगाना जानती है और इसे गंभीरता लेते हुए इसका उद्बोधन किया जाएगा..."

राजद नेता  मृत्युंजय तिवारी की प्रतिक्रिया 
VIP प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या पर RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "आज सुबह बिहार से दुखद खबर सामने आई है, जहां मुकेश सहनी के पिता की हत्या कर दी गई। यह अत्यंत दुखद है। शासन-प्रशासन में बैठे लोगों को जवाब देना होगा। अब जनता शांत नहीं बैठेगी। बिहार में जब राजनेता का परिवार सुरक्षित नहीं है तो आम लोग तो भगवान भरोसे हैं..."