बाहुबली और पूर्व विधायक अनंत सिंह के जेल से निकलते ही बिहार में सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह के जेल से निकलते ही सीएम नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगा दिया है। उन्होंने राघोपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि चुनाव में जिसकी जरूरत मुख्यमंत्री को होता है उसे जेल से निकाल लेते हैं। फिर जेल भिजवा देते हैं। तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद सियासत गरमाने लगी है। 

दो दिन पहले पटना हाईकोर्ट ने बरी किया
इधर, राजनीतिक पंडितों का कहना है कि तेजस्वी यादव इस बात की ओर इशारा कर रहे थे कि अनंत सिंह को जेल भिजवाने के पीछे भी नीतीश कुमार का ही हाथ था। तत्कालीन आईपीएस अधिकारी लिपि सिंह द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अनंत सिंह के ठिकाने से एके 47 और बुलेट प्रूफ जैकेट बरामद किया गया था। निचली अदालत से अनंत सिंह को सजा हुई और उन्हें जेल भी जाना पड़ा। दो दिन पहले पटना हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया। 

आज सुबह ही बेऊर जेल से बाहर निकले हैं अनंत सिंह
बता दें कि पूर्व विधायक व बाहुबली आनंद सिंह आज सुबह ही बेऊर जेल से बाहर निकले हैं । जेल के बाहर उनके समर्थकों की भी उमड़ पड़ी थी। जेल से बाहर निकलते ही अनंत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अब बढ़िया लग रहा है। यह कहते हुए वह अपने पैतृक गांव नदमा के लिए रवाना हो गए। यहां उनके समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।