छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर खपरी इलाके के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें सुरक्षाबलों के चार जवानों की जान चली गई। हादसे में एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक जवान 201 कोबरा बटालियन से जुड़े थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल जवान को बाहर निकालकर मेडिकल सुविधा तक पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक सभी जवान एक कार से जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खपरी के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
इस हादसे में मुकेश कुमार, सौरभ तोमर, राजकुमार गोंड और हीरालाल नागर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभियान राय नाम के जवान को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से शवों को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।