सुकमा जिले के जगरगुंडा थाने के एसडीओपी तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा शहर में अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना टीवीएस शोरूम के पास हुई। गंभीर हालत में वर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया और उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान रविशंकर साहू, निवासी दुर्ग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने सुकमा से वर्मा का पीछा करते हुए लगभग 80 किलोमीटर की दूरी तय कर इस वारदात को अंजाम दिया।

सूत्रों के अनुसार, एसडीओपी वर्मा किसी काम से सुकमा से दंतेवाड़ा आए थे। जैसे ही वे वाहन से उतरे, रविशंकर साहू ने अचानक उन पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही काबू में किया और जमकर धुनाई की। मामले की जांच जारी है।

घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाने से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक चर्चा में यह भी सामने आया है कि एसडीओपी वर्मा पहले दुर्ग में पदस्थ थे और आरोपी के साथ उनके किसी विवाद की संभावना है। इसी नाराजगी के चलते वारदात को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है। फिलहाल, मामले की तहकीकात पुलिस कर रही है।