जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के चराईडांड में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाते हुए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस देशभक्ति से ओत-प्रोत यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। यात्रा शिव मंदिर से आम बगीचा तक निकली गई, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।
जनभागीदारी से गूंजा देशभक्ति का नारा
तिरंगा यात्रा में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए बड़ी संख्या में लोग, बच्चे और जवान शामिल हुए। यात्रा के दौरान 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम्' और 'जय हिंद' के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। मुख्यमंत्री साय ने इसे तिरंगे के प्रति सम्मान और शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि करार दिया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का प्रतीक है।
ऑपरेशन सिंदूर: राष्ट्रीय एकता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। उन्होंने पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों की कायराना हरकत का कड़ा जवाब देने पर सेना की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा शहीद जवानों के अदम्य साहस को सम्मान देने और युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने का एक प्रयास है।
सेना के पराक्रम को सलाम
मुख्यमंत्री साय ने भारतीय सेना के साहसिक अभियानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमापार आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर सेना ने देश की सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि इस तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी इस बात का संदेश देती है कि भारत एकजुट है और हर नागरिक राष्ट्रहित में खड़ा है।
आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता
जिले के नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। यात्रा ने भारतीय सेना के प्रति सम्मान और आतंकवाद के खिलाफ देश की एकता का मजबूत संदेश दिया।