राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। जिसके तहत मंगलवार से दिल्ली में बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही दिल्ली के पारे में गिरावट दर्ज होने जा रही है। जिससे दिल्ली वालों को गर्मी से थोड़े समय के लिए राहत मिल सकती है।
दिल्ली में रविवार को भी गर्मी का कहर जारी रहा। जिसके तहत दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी आसमान साफ रहने के साथ ही अधिकतम तापमान 37 डिग्री के पास बना रहा सकता है। जो सामान्य से 3 डिग्री तक अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक सामान्य से अधिक तापमान होने का मुख्य कारण इन दिनों आसमान का साफ होना है। इस वजह से सूर्य की रोशनी सीधे जमीन पर पड़ रही है और तापमान में बढ़ोतरी होती हैं।
वहीं सितंबर महीने में मानसून की वापसी का भी समय होता है, इस वजह से अगस्त की तुलना में बारिश कम होती है, तो नमी भी कम होती है। यह दो प्रमुख कारण हैं, जिस वजह से इन दिनों दिल्ली का तापमान सामान्य से अधिक पर बना हुआ है। लेकिन मंगलवार से मौसम में करवट लेने जा रहा है। इस वजह से मंगलवार से गुरुवार तक दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना हैं।
3 डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम विभाग की तरफ से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार दोपहर को बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में गिरावट होने शुरू हो जाएगी। जो गुरुवार तक 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस तरह सोमवार की तुलना में बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज होगी। वहीं इसके बाद एक बार फिर दिल्ली वालों का गर्मी का कहर देखने को मिल सकता है। जिसके तहत शुक्रवार को एक बार फिर अधिकतम तापमान 37 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।