दिल्ली के जहांगीरपुरी में इस बार 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। पुलिस प्रशासन ने इस आयोजन को मंजूरी दे दी है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस बार यात्रा का रूट बढ़ाकर 2 किलोमीटर कर दिया गया है, ताकि भीड़ और आयोजनों का प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सके।

पुलिस और अमन कमेटी का संयुक्त प्रयास

उत्तर-पश्चिम दिल्ली जिले के पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों की बैठक अमन कमेटी में आयोजित की गई। इस बैठक में तय किया गया कि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा और कोई भी समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि शोभायात्रा तय समय और निर्धारित रूट पर ही निकलेगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

इस बार शोभायात्रा के पूरे रूट पर सुरक्षा के लिए लगभग 10 कंपनियां तैनात रहेंगी। जहांगीरपुरी समेत संवेदनशील इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि बड़े अधिकारी और सीनियर अफसर भी मैदान में मौजूद रहेंगे, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा सके। मल्टी-लेयर सुरक्षा योजना के तहत यात्रा के दौरान किसी भी अप्रत्याशित घटना को रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

अप्रैल 2022 में भड़की थी हिंसा

16 अप्रैल 2022 को हनुमान जयंती के दौरान शोभायात्रा के दौरान जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक में हिंसा भड़क गई थी। उस समय उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव और कांच की बोतलें फेंकी थीं। इस घटना में 8 पुलिसकर्मी जख्मी हुए और एक सब-इंस्पेक्टर भी गोली लगने से घायल हो गया था।

इस बार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा उपाय और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम किए जाएंगे।