नई दिल्ली। कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार को दिल्ली पहुंच गए। राजधानी पहुंचते ही उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने समर्थकों से जंतर-मंतर पर एकत्र होने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपने साथ एक किताब और तिरंगा लाने का आग्रह करते हुए कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
दिपके ने अपने संदेश में यह भी अपील की कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों का सम्मान किया जाए और उन्हें फूल भेंट कर कृतज्ञता व्यक्त की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी टकराव का नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति का है।
इसी बीच दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। पुलिस के विशेष आयुक्त (कानून-व्यवस्था) नीरज ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दिल्ली की सीमाओं और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, इस प्रदर्शन को लेकर पुलिस को पहले कोई औपचारिक अनुमति आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था, हालांकि सोशल मीडिया पर मिले संकेतों और गतिविधियों को देखते हुए एहतियातन सुरक्षा बढ़ाई गई है।
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि अभिजीत दिपके दिल्ली पहुंच चुके हैं और जल्द ही एयरपोर्ट से बाहर निकलेंगे। उन्होंने बताया कि आगे की प्रक्रिया के तहत वे पुलिस से अनुमति से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करेंगे और इसके बाद जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।
रांका ने दावा किया कि यह आयोजन देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण साबित हो सकता है।