दिल्ली और एनसीआर में इस समय मानसून सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से मौसम में ठंडक और नमी बढ़ गई है। शनिवार को नोएडा में हुई तेज बरसात ने माहौल पूरी तरह बदल दिया। मौसम विभाग पहले ही अनुमान जता चुका है कि राजधानी में फिलहाल मानसून का असर बना रहेगा।

राजधानी में सुहाना मौसम
शुक्रवार को भी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। दोपहर के बाद चली तेज हवाओं ने तापमान को नीचे कर मौसम को और सुहावना बना दिया। विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी।

बारिश का आंकड़ा और तापमान में गिरावट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 7.6 मिमी और शाम 5:30 बजे तक 0.1 मिमी बारिश दर्ज हुई। सितंबर के शुरुआती पांच दिनों में कुल 85.01 मिमी वर्षा हो चुकी है। बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे रहा।