दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना किनारे किया योग, हजारों लोग हुए शामिल

राजधानी दिल्ली में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और उत्सव के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना किनारे सोनिया विहार में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया और अन्य नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग केवल स्वास्थ्य का साधन नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति को जोड़ने वाली कड़ी है।

सीएम रेखा गुप्ता ने साझा की भावना

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “आज योग करते हुए मुझे अपने दायित्वों की याद आई। जिस प्रकार यहां यमुना का दृश्य है, वैसे ही यमुना के अन्य हिस्सों में भी जल की स्वच्छता और पर्याप्त मात्रा होनी चाहिए।” उन्होंने राजनीतिक कटाक्ष करते हुए कहा, “यदि उन्हें (अरविंद केजरीवाल) योग करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का चेहरा दिखाई दे जाए, तो इसमें हमारा क्या दोष? संभव है कि वे भोजन में भी कुछ देखकर खाना बंद कर दें। दिल्ली में भाजपा की सरकार का दृश्य देखकर शायद वे खुद ही दिल्ली छोड़ गए।”

अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर उन्होंने लिखा, “आज राजधानी के 11 स्थलों पर भव्य योग उत्सव में जन-जन की उत्साही भागीदारी ने सिद्ध कर दिया कि जब सरकार और समाज मिलकर चलें, तो संस्कृति संकल्प बन जाती है।”

उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए दिल्लीवासियों, योग साधकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का आभार भी प्रकट किया।

योग के जरिए दुनिया से जुड़ा भारत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 का नेतृत्व आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी उपस्थित रहे। पीएम मोदी ने कहा, “आज पूरा विश्व योग कर रहा है। योग का अर्थ है जोड़ना और यह देखकर प्रसन्नता होती है कि योग ने विश्व को एक सूत्र में बांधा है।” उन्होंने सभी को शुभकामनाएं भी दीं।

एनसीआर में भी योग दिवस कार्यक्रम

दिल्ली के विभिन्न स्थलों पर आयोजित योग सत्रों में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने भाग लिया। लाल किला क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोग जुटे।

लोकसभा अध्यक्ष ने भी किया योग

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग अभ्यास किया और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “योग आज विश्व के करोड़ों लोगों की दिनचर्या बन गया है। यह भारत की सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे अब वैश्विक मान्यता प्राप्त हो चुकी है।”

Read News: गोंडा: डीएम की चौपाल से पहले वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत, पांच हिरासत में

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here