दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में स्थित द मेराकी बैंक्वेट हॉल की रसोई में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी किचन उसकी चपेट में आ गई। इस घटना में वहां काम कर रहे चार से पांच कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रसोई में गैस रिसाव हो रहा था, जिससे पूरा कमरा गैस से भर गया था। इसी दौरान जैसे ही चूल्हा जलाने की कोशिश की गई, आग भड़क उठी।

घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। साथ ही बैंक्वेट हॉल में सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।