दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की आईएफएसओ (IFSO) यूनिट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एआई से तैयार की गई आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बिहार से पकड़ा है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के जहानाबाद जिले के कुरथा थाना क्षेत्र के रहने वाले सिद्धनाथ के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की थीं।

जांच में सामने आया है कि इन तस्वीरों में एक विदेशी महिला नेता और भाजपा के एक नेता को भी दिखाया गया था। पुलिस के अनुसार, ये सभी तस्वीरें एआई तकनीक की मदद से तैयार की गई थीं और सोशल मीडिया पर साझा की गई थीं।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। इसके बाद टीम ने बिहार में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी और आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री समाज में भ्रम और गलत संदेश फैला सकती है। फिलहाल आरोपी को बिहार से दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने ऐसी सामग्री किस उद्देश्य से तैयार कर साझा की। यह घटना सोशल मीडिया पर एआई तकनीक के दुरुपयोग को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही है।